Tuesday, October 20th, 2026

CM Yogi 14 को आएंगे और 16 से है कुंभ मेला लेकिन व्यवस्थाएं अब तक पूरी नहीं

आगरा
कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक की तैयारियों का आलम ये कि आठ दिन शेष बचे हैं और अखाड़ों को भूमि आवंटन की अभी प्रक्रिया शुरू हुई है। जबकि संतों को भूमि आवंटन होने में कम से कम तीन दिन का समय लगेगा। भूमि आवंटन के बाद शिविरों का निर्माण, शौचालय, पेयजल और विद्युत आपूर्ति होगी। तब जाकर संत-महंत शिविरों में डेरा डालेंगे। संतों को भूमि आवंटन होने के बाद देवालयों, धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं को भूमि आवंटन होगा। तब देवालय और संस्थाएं अपनी तैयारियां शुरू करेंगे। जबकि 16 फरवरी को कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक शुरू होनी है। 14 फरवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुंभ का ध्वज पूजन करने आएंगे। अखाड़ों के शिविरों में भी पहुंचेंगे। ऐसे में संतों के शिविरों में कार्य अधूरे रह सकते हैं। कुंभक्षेत्र में तैयार तो जोर शोर से हो रही है, लेकिन सड़कों की हालत ऐसी है कि की कदम-कदम पर वाहन हिचकोले ले रहे हैं। यमुना किनारे 16 फरवरी को शुरू हो रहे कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक की तैयारियों के लिए प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य , ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा तक तेज गति लाने की हिदायत दे चुके हैं। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुंभ की तैयारियों पर नजर बनाए हुए हैं। ऊर्जामंत्री लगातार तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए दौरे कर रहे। पहले पांच फरवरी और अब दस फरवरी तक कार्य पूरा करने के निर्देश दे चुके हैं, जबकि दस फरवरी तक संतों के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया ही पूरी हो जाए तो बड़ी बात होगी। इसके बाद शिविरों में बिजली और पेयजल कनेक्शन, शौचालय की व्यवस्था प्रशासन को करनी है। करीब डेढ़ सौ खालसाओं में प्रशासन को व्यवस्थाएं करने में भी समय चाहिए। इसके बाद सामाजिक, धार्मिक संस्थाएं और देवालयों के शिविर तैयार होने के बाद प्रशासन को पेयजल, विद्युत आपूर्ति और शौचालय की व्यवस्था करनी होगी। कुंभ को आठ दिन शेष रह गए हैं और जमीनी स्तर पर काम बहुत ही धीमी गति से चल रहा है। इसको लेकर संतों में आक्रोश पनप रहा है।

 

#CM Yogi

Source : Agency

पाठको की राय